फ्रांस की राजधानी पेरिस कला के क्षेत्र में दुनिया की राजधानी मानी जाती है। इस शहर में देखने के लिए इतना कुछ मौजूद है कि एक हफ्ते में भी उन्हें नहीं देखा जा सकता। हालांकि किसी बिजनेस टूर या यूरोप टूर के दौरान आपको पेरिस में 12 घंटे से लेकर 24 घंटे तक का समय मिलता है तो भी आप सही टाइम मैनेजमेंट और जगहों का क्रमबद्ध चयन कर पेरिस की उन खास जगहों को जरूर देख सकते हैं, जिनकी पूरी दुनिया में अलग पहचान है।
इस आर्टिकल में हम आपको 12 से 15 घंटों में पेरिस घूमने का सबसे सरल और कारगर तरीका बताएंगे। इस टूर को किन्हीं दो देशों के बीच कनेक्टिंग उड़ानों के बीच 12 घंटे या इससे अधिक का ले-ओवर लेकर भी कर सकते हैं। यदि आप 12 घंटे में पेरिस घूमने की योजना बना रहे हैं तो यह जरूर सुनिश्चित कर लें कि आपकी फ्लाइट पेरिस के एयरपोर्ट पर सुबह जल्दी पहुंच जाए।
समय और पैसा बचाने के लिए जरूरी है कि पेरिस के एयरपोर्ट पर बने फ्रांस टूरिज्म के कार्यालय से आप पेरिस मेट्रो का 24 घंटे का एक पास और लुअर म्यूजियम का टिकट ले लें। पेरिस मेट्रो पास का किराया 27 यूरो के करीब होता है। इस पास से आप पेरिस मेट्रो के सभी 300 स्टेशनों से चढ़-उतर सकते हैं।
लुवर म्यूजियम से करनी होगी यात्रा की शुरूआत





पेरिस के सीडीजी एयरपोर्ट और ओर्ली एयरपोर्ट पेरिस के दो छोर पर स्थित हैं। इन दोनों को एयरपोर्ट को आरईआर रेल जोड़ती है। ये भी मेट्रो नेटवर्क का ही पार्ट हैं। इस नेटवर्क से आपको शेटले स्टेशन उतरना होगा। यहां से यलो लाइन मेट्रो पकड़ कर पलाइस रॉयल म्यूसी डि लुअर स्टेशन उतरना होगा। यह स्टेशन लुवर म्यूजियम के मुख्य गेट के काफी नजदीक है। लुवर म्यूजियम दुनिया का सबसे बड़ा कला का म्यूजियम है।
फ्रांस के राजाओं के द्वारा किले और महल के तौर पर बनाए गए विशाल ऐतिहासिक इमारत में स्थित इस म्यूजियम में वैसे अनगिनत कृतियां हैं, लेकिन इस म्यूजियम का सबसे बड़ा आकर्षण लियोनार्डो द विंची की कालजयी पेंटिंग मोनालिसा है। आप इस म्यूजियम को दो से तीन घंटे में देख सकते हैं। एयरपोर्ट पर ही टिकट ले लेने की वजह से आपको लुवर म्यूजियम में टिकट की लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
लुवर म्यूजियम के बाद अगला मुकाम आर्क डि ट्रायम्फ

आर्क डि ट्रायम्फ को शहीद सैनिकों की याद में बनाया गया था।
आर्क डि ट्रायम्फ पहुंचने के लिए आपको पलाइस रॉयल म्यूसी डि लुअर स्टेशन से चार्ल्स डि गॉल इटॉइल स्टेशन जाना होगा। इसमें बमुश्किल 10 मिनट का समय लगेगा। आर्क डि ट्रायम्फ इंडिया गेट की तरह दिखने वाला एक स्मारक है, जिसे शहीद सैनिकों की याद में बनाया गया था। करीब 50 मीटर ऊंचा यह मेहराबदार द्वार 1836 में बनकर तैयार हुआ था। यह बाहर से जितना भव्य लगता है, अंदर से भी उतना ही खूबसूरत है। हालांकि अंदर जाने के लिए 12 यूरो का टिकट लगता है। 26 साल तक के लोगों के लिए यह मुफ्त है। आपको एक घंटे के भीतर यहां से आगे बढ़ना होगा।
एफिल टॉवर को माना जाता है मुख्य आकर्षण
अब आपका मुकाम वह जगह होगी, जिसका आपको बेसब्री से इंतजार था। जी हां, हम एफिल टॉवर की ही बात करने जा रहे हैं। एफिल टॉवर जाने के लिए आपको चार्ल्स डि गॉल इटॉइल स्टेशन से ग्रीन लाइन की मेट्रो पकड़कर पैस्सी या बिर हाकिम स्टेशन उतरना होगा। इस यात्रा में 10 से 15 मिनट का समय लगेगा। मेट्रो स्टेशन से 10 मिनट की वॉक के बाद आप एफिल टॉवर पहुंच जाएंगे।




ध्यान रहे कि एफिल टॉवर तक पहुंचने के लिए आपको दो बार लंबी लाइनों से गुजरना होता है। पहली बार सुरक्षा जांच की और दोबारा टिकट की लाइन में। दोनों ही लाइनों में आधे घंटे से लेकर 45 मिनट का वक्त लगता है। एफिल टॉवर के पीक तक जाने और लिफ्ट दोनों को मिलाकर टिकट वयस्कों के लिए 25 यूरो है। 26 वर्ष की आयु तक के लोगों को खासा डिस्काउंट मिलता है।
एफिल टॉवर तीन टुकड़ों में बंटा हुआ है। ऊपर जाने के लिए दो तरह की लिफ्ट हैं। पहली लिफ्ट दो हिस्सों तक ले जाती है। दूसरी लिफ्ट पीक पर ले जाती है, जहां अपेक्षाकृत कम जगह है। यहां से आपको पूरा पेरिस शहर दिखाई देता है।
शाइलो नेशनल थिएटर
एफिल टॉवर के ठीक सामने सीन नदी पर बने पुल को पार करने पर शाइलो नेशनल थिएटर है। यह एक विशाल एवं खूबसूरत इमारत है। यह पेरिस के सबसे बड़े कंसर्ट हॉल में से भी एक है। यहां आपको कई लोग मस्ती में नाचते और गाते नजर आएंगे।

शाइलो नेशनल थिएटर की भव्य इमारत
अगर आपकी फ्लाइट देर रात या अगले दिन सुबह में है, तो आप सीन नदी पर चलने वाली क्रूज का भी आनंद ले सकते हैं। हालांकि, इसके लिए आपको अपनी जेब कुछ ज्यादा ही ढीली करनी पड़ेगी। और अगर आपको अंधेरे की चिंता सता रही हो तो बता दें कि मई-जून के महीने में पेरिस में अंधेरा रात 9 बजे के बाद ही होता है। यानी अगर आपकी फ्लाइट आपको गुंजाइश दे रही है तो आप काफी देर तक पेरिस में घूम सकते हैं। इतना ही नहीं एफिल टॉवर का एक नाइट व्यू भी आपको जरूर देखना चाहिए।

सीन नदी पर चलने वाली क्रूज से आप एफिल टॉवर का नजारा देख सकते हैं
इतना सब देखने के बाद आपको एयरपोर्ट की ओर रवाना हो जाना चाहिए। यदि समय अब भी आपको गुंजाइश दे रहा हो और आप इंडियन खाना खाने के लिए बेचैन हो रहे हैं तो आप रास्ते में पड़ने वाले गार डू नार्ड स्टेशन पर उतर सकते हैं। इस स्टेशन के ठीक बाहर सरवण भवन समेत आधा दर्जन भारतीय भोजन परोसने वाले रेस्टोरेंट मौजूद हैं। डिनर के बाद एयरपोर्ट पहुंचने के लिए आपको गार डू नार्ड स्टेशन से सीडीजी एयरपोर्ट की मेट्रो पकड़नी होगी। एयरपोर्ट से फिर आप अपने नए गंतव्य की ओर उड़ान भर सकते हैं।
नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं हमारा यह आर्टिकिल आपको कैसा लगा? आप हमारे फेसबुक पेज https://www.facebook.com/Atravelkatha/ पर भी हमसे सीधे सवाल पूछ सकते हैं।
If you're looking for someone to work an interesting assignment(s)-writing, photo stories, to-do guides, interviews, destination reviews, please send me an email- at akritimj@gmail.com and we can take it from there!!